बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और डंडे बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और डंडे बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और तोड़फोड़ करने के मामले में थाना दादरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा दो डंडे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर वादी के पिता सुभाष के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की और घर में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। शिकायत के आधार पर थाना दादरी में मुकदमा संख्या 0219/2026 धारा 115(2), 333, 109(1), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना दादरी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और लोकल इंटेलिजेंस व मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को डीएमआईसी से मायचा की मढ़ैया की तरफ जाने वाले रेलवे फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोन्टी उर्फ कविन्द्र पुत्र गजराज सिंह निवासी ग्राम मायचा, थाना दादरी, शिवम कुमार पुत्र दयाराम निवासी ग्राम जमालपुर, थाना अगौता जनपद बुलंदशहर तथा आशीष कुमार पुत्र जसपाल निवासी ग्राम मायचा, थाना दादरी के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो डंडे बरामद किए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी मोन्टी उर्फ कविन्द्र के खिलाफ पहले भी थाना दादरी में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।