गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी चोरी, ब्रास पार्ट्स कंपनी से लाखों का माल पार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के सेंट्रल नोएडा जोन अंतर्गत ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला उद्योग केंद्र-1 स्थित एक ब्रास पार्ट्स बनाने वाली कंपनी का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 10 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोर देर रात कंपनी परिसर में घुसे और मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कंपनी में रखे महंगे पीतल के पार्ट्स समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपी अपने पीछे सबूत न छोड़ें इसके लिए कंपनी में लगे CCTV कैमरों का DVR भी साथ ले गए, जिससे पुलिस जांच को चुनौती मिल सकती है।
सुबह जब कंपनी के कर्मचारी रोजाना की तरह काम पर पहुंचे तो गेट टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कंपनी में चोरी की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने तुरंत ईकोटेक-3 थाना पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित कंपनी संचालकों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से उद्योग संचालकों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि वादी के प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना ईकोटेक-3 में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।।
