बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: दहेज उत्पीड़न से महिला की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, ईकोटेक तृतीय पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दहेज उत्पीड़न से महिला की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, ईकोटेक तृतीय पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना ईकोटेक तृतीय पुलिस ने मामले में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में पहले ही मृतका के पति और ससुर को जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 को थाना ईकोटेक तृतीय पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त विनोद पुत्र जयचंद निवासी जलपुरा, थाना ईकोटेक तृतीय, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-188/2026 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।

बताया जा रहा है कि 17 मई 2026 को थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में एक महिला की दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 18 मई को मृतका के पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

अब इस मामले में तीसरे आरोपी विनोद की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार चल रहे अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों को लेकर सख्त संदेश गया है कि महिलाओं के उत्पीड़न और दहेज हत्या जैसे मामलों में आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।