गौतमबुद्धनगर: प्रेम विवाह के बाद खौफनाक अंजाम: पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, फॉर्च्यूनर कार बरामद!!
दादरी पुलिस ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को दबोचा, पहले भी एक आरोपी जा चुका है जेल
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। थाना दादरी पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी अनुज चौहान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को मृतका की मां द्वारा थाना दादरी में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि उसकी बेटी मोनिका की हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 12 मई 2026 को थाना दादरी पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज चौहान पुत्र हरेन्द्र चौहान निवासी ग्राम घोडी बछेडा, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर को ग्राम हजरतपुर नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर कार संख्या यूपी 16 एफके 5566 भी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की वारदात में इसी वाहन का इस्तेमाल किया गया था।
बताया जा रहा है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- अनुज चौहान पुत्र हरेन्द्र चौहान
- निवासी: ग्राम घोडी बछेडा, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर
- उम्र: करीब 20 वर्ष
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार
- वाहन संख्या: यूपी 16 एफके 5566
दर्ज मुकदमा
- मु0अ0सं0 0202/2026
- धारा 103(1)/238 बीएनएस
- थाना दादरी, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर।।
