मंगलवार, 12 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट और लूटपाट की वारदात का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट और लूटपाट की वारदात का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-39 थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा, छीनी गई चैन, वाहन और अवैध चाकू बरामद

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मारपीट, धमकी और चैन छीनने की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की एक चैन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी के साथ दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को पीड़ित द्वारा थाना सेक्टर-39 में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एक स्कूटी सवार युवक ने गलत दिशा से आकर उसे टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पीड़ित की चैन भी गिर गई, जिसे आरोपी लेकर फरार हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों का गठन कर आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी और तलाश अभियान चलाया गया। विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को कब्रिस्तान गेट के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत सिंह, कपिल चौहान, राशिद और गौरव दत्त के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की चैन बरामद कर ली। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस ने अजीत सिंह और गौरव दत्त के पास से दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दबंगई दिखाकर राह चलते लोगों से विवाद करते थे और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।