गौतमबुद्धनगर: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर गूंजा सांस्कृतिक गौरव का संदेश, नोएडा के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब!!
दो टूक//नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्रीय गौरव के भाव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष पर्व ने जनपदभर में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण बना दिया। शासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
मुख्य आयोजन नोएडा के सेक्टर-45 स्थित ग्राम सदरपुर के श्री वोड़ेश्वर महादेव मठ प्राचीन शिव मंदिर में संपन्न हुआ, जहां सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान भारत के प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी सामूहिक रूप से देखा गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना, जिसमें भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया। प्रसारण के दौरान मंदिर परिसर में देशभक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, विदेशी आक्रमणों के बावजूद उसके अस्तित्व और पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक गाथा को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, संघर्ष और पुनर्जागरण का प्रतीक है। धार्मिक प्रवचनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को भारतीय इतिहास और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास भी किया गया।
जनपद के विभिन्न शिवालयों और मंदिरों में भी दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह भजन संध्या, रुद्राभिषेक, कथा और सामूहिक आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे जिले में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बनकर उभरा।
कार्यक्रम में महानगर नोएडा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, खंड विकास अधिकारी बिसरख तथा मंदिर के महंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार यह आयोजन जनपद में अत्यंत गरिमामय और सफल रहा।।
