बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और ट्रांसपोर्ट संचालन को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस और ट्रांसपोर्ट संचालकों के बीच एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह द्वारा पुलिस मुख्यालय सूरजपुर में सेंट्रल नोएडा जोन के ट्रांसपोर्ट संचालकों के साथ विस्तृत बैठक कर कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने सभी ट्रांसपोर्ट संचालकों से कहा कि यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेज समय-समय पर अपडेट रखें जाएं, ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में न की जाए तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग किया जाए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने और वाहन चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

डीसीपी ने ट्रांसपोर्ट संचालकों को वाहन चालकों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अनजान व्यक्तियों या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस और आमजन के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

गोष्ठी के दौरान ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं पुलिस प्रशासन के सामने रखीं। ट्रांसपोर्टरों ने यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की पार्किंग, सड़कों पर जाम की स्थिति, वाहनों की सुगम आवाजाही तथा सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। पुलिस अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक में पुलिस और ट्रांसपोर्ट संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं ट्रांसपोर्ट सेक्टर के बीच आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। इस प्रकार की गोष्ठियां भविष्य में भी आयोजित की जाएंगी ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाया जा सके।।