बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 1.23 किलो अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 1.23 किलो अवैध गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 20 मई 2026 को थाना फेस-1 नोएडा पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सेक्टर-8 क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एफ-24 सेक्टर-8 के पास से एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान विकास कुमार पुत्र स्वर्गीय नीरज निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-5, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। आरोपी की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर सेक्टर-39, सेक्टर-24 और फेस-1 थाने में आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।।