बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू लोकशक्ति का बड़ा प्रदर्शनात्मक संवाद, बीसी प्रधान ने दी आंदोलन की चेतावनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू लोकशक्ति का बड़ा प्रदर्शनात्मक संवाद, बीसी प्रधान ने दी आंदोलन की चेतावनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं, जर्जर विद्युत लाइनों और उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-16 स्थित विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन (चीफ) कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का नेतृत्व भाकियू लोकशक्ति युवा जिला अध्यक्ष ठाकुर अमित गौड़ ने किया, जबकि अध्यक्षता संगठन के परिवहन मंत्री चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर ने की।

बैठक के दौरान जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गौतमबुद्धनगर के कई गांवों और नगर क्षेत्रों में आज भी पुरानी और जर्जर विद्युत लाइनें लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं। बढ़ती आबादी के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होने से आए दिन फाल्ट, ट्रिपिंग और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने बेहद मुखर और प्रभावशाली अंदाज में किसानों, ग्रामीणों और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन सड़क से लेकर विभागीय कार्यालयों तक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि गांवों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन और पुरानी बिजली लाइनें लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई हैं। कई स्थानों पर हादसे होने के बावजूद विभाग केवल आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य नहीं दिखाई देता। उन्होंने मांग की कि आबादी के ऊपर से गुजर रही सभी खतरनाक लाइनों को तत्काल हटाया जाए और नई सुरक्षित व्यवस्था लागू की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिलों में गड़बड़ी और अत्यधिक बिलों को ठीक कराने के लिए उपभोक्ताओं को विभाग के अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे आम जनता बेहद परेशान है। संगठन ने मांग उठाई कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए “सिंगल विंडो सिस्टम” लागू किया जाए, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर समाधान मिल सके।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं द्वारा लगभग 9 प्रमुख समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन मुख्य अभियंता को सौंपा गया। ज्ञापन में जर्जर लाइनें बदलने, बिजली कटौती रोकने, गलत बिलों का निस्तारण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी मांगें शामिल थीं।

मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने संगठन की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विभाग जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगा और जहां भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्याएं हैं, उनका जल्द निस्तारण कराया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान, परिवहन मंत्री चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर, युवा जिला अध्यक्ष ठाकुर अमित गौड़, सतपाल यादव, प्रताप नागर, जीता ठाकुर, ठाकुर सुनील भाटी, चौधरी महेश तंवर, ठाकुर प्रदीप भाटी, ठाकुर संजय भाटी, ठाकुर खेमे सिंह, ठाकुर शीलू सिंह, राजकुमार उर्फ मोनू, अजब सिंह भाटी, हरि अवाना, विजयपाल भाटी, हरेन्द्र बैसोया, आनंद भाटी, अरूण गौतम, अंकुर कश्यप सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।।