गौतमबुद्धनगर: अवैध प्लॉटिंग पर चला नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर, 5000 वर्गमीटर भूमि को कराया कब्जामुक्त!!
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सोरखा जाहिदाबाद में लगभग 5000 वर्गमीटर अधिसूचित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6, भूलेख विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार ग्राम सोरखा जाहिदाबाद के खसरा संख्या-152 की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने जमीन पर प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल और गेट लगाकर कब्जा कर लिया था तथा अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश की जा रही थी।
बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 80 कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को दो-दो बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्राधिकरण ने आम नागरिकों को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि अधिसूचित एवं अधिग्रहित भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग और खरीद-फरोख्त से बचें। भू-माफिया लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे मामलों में निवेश करने से पहले संबंधित भूमि की वैधता की जांच अवश्य करें।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और अधिग्रहित भूमि पर अवैध कब्जा एवं निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अवैध निर्माणों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
