बुधवार, 20 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: दहेज उत्पीड़न से महिला की मौत मामले में सास गिरफ्तार, अब तक चार आरोपी पहुंच चुके सलाखों के पीछे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दहेज उत्पीड़न से महिला की मौत मामले में सास गिरफ्तार, अब तक चार आरोपी पहुंच चुके सलाखों के पीछे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला की मौत के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना ईकोटेक तृतीय पुलिस ने बुधवार को एक और वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई महिला मृतका की सास बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मई 2026 को थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जांच के दौरान परिजनों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया, जिसके आधार पर थाना ईकोटेक तृतीय में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी थी।

थाना ईकोटेक तृतीय पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्ता पूनम पत्नी मनोज निवासी जलपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता मृतका की सास है और मामले में नामजद थी।

इससे पहले पुलिस मृतका के ससुर मनोज और पति रितिक को 18 मई को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं 20 मई को मृतका के चचिया ससुर विनोद को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मामला थाना ईकोटेक तृतीय में मु0अ0सं0-188/2026 के तहत धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 में दर्ज है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से कहा गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।