गुरुवार, 14 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: शनि जयंती पर नोएडा में उमड़ेगी आस्था की भीड़, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में होगा भव्य महोत्सव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शनि जयंती पर नोएडा में उमड़ेगी आस्था की भीड़, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में होगा भव्य महोत्सव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और भक्तिभाव का अद्भुत संगम 16 मई को नोएडा में देखने को मिलेगा। सेक्टर-14ए स्थित प्राचीन श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में शनि जयंती एवं शनि अमावस्या महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यमुना पुस्ता मार्ग स्थित मंदिर परिसर में पूरे दिन पूजा-अर्चना, अष्टकुंडीय शनि महायज्ञ, भजन संध्या और विशाल भंडारे जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

महोत्सव की जानकारी देने के लिए बृहस्पतिवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान श्री शनि सेवा समिति के अध्यक्ष ठाकुर मानसिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत तड़के सुबह 3:30 बजे दिव्य श्री शनि अभिषेक से होगी। इसके बाद प्रातः 5:30 बजे मंगल आरती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक प्रसिद्ध विद्वान आचार्य पुष्कर चंद्र भट्ट के सान्निध्य में अष्टकुंडीय श्री शनि महायज्ञ संपन्न होगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु भाग लेकर पूजा-अर्चना करेंगे।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 10:30 बजे से विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है। समिति द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक झांकियों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा।

समिति के मंत्री राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि शाम 7 बजे से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्ति रस में डूब जाएगा। संध्या महाआरती, मनमोहक झांकियां और भजन संध्या कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

इस धार्मिक महोत्सव में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद Mahesh Sharma मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री K. P. S. Malik विशिष्ट अतिथि तथा नोएडा विधायक Pankaj Singh अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

श्री शनि सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बनने की अपील की है।।