गुरुवार, 14 मई 2026

मऊ :नदियों के किनारे अधिक से अधिक कराएं वृक्षारोपण,नियमित करें मॉनिटरिंग : डी एम ।।||Mau:Plant as many trees as possible along river banks and monitor them regularly: DM.||

शेयर करें:
मऊ :
नदियों के किनारे अधिक से अधिक कराएं वृक्षारोपण,नियमित करें मॉनिटरिंग : डी एम ।।
।। देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के जिलाधिकारी  आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वृक्षारोपण अभियान-2026 तथा गंगा एवं अन्य नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन विभागों ने अभी तक कार्य योजना तैयार कर उपलब्ध नहीं कराई है वे तत्काल कार्ययोजना तैयार कर  उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से अभियान संचालित किया जा सके। उन्होंने वर्ष 2025 के वृक्षारोपण स्थलों का विभागवार पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2025 के वृक्षारोपण स्थलों पर लगाए गए पौधों की समीक्षा की जाए तथा जहां मृत पौधे अथवा अन्य पौधे क्षतिग्रस्त अथवा नष्ट हो गए हैं, वहां नए पौधे लगाकर उनकी भरपाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नदियों के किनारों पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भूमि कटान को रोकने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जिन विभागों को अधिक लक्ष्य प्राप्त हुआ है, वे अतिरिक्त प्रयास एवं गंभीरता के साथ लक्ष्य पूर्ण करें।
जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने हेतु किए जा रहे कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एसटीपी निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी ने भूमि चिन्हांकन के उपरांत शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त गंगा ग्रामों में समितियों का गठन कर उन्हें सक्रिय एवं क्रियाशील बनाने तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ पीके पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।