गौतमबुद्धनगर: 25 नई PRV बाइक से और मजबूत होगी नोएडा की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दिखाई हरी झंडी!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 14 मई 2026।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गुरुवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 नोएडा से 25 नए टू-व्हीलर PRV (Police Response Vehicle) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर डायल-112 के बेड़े में शामिल किया।
इन अत्याधुनिक टू-व्हीलर PRV वाहनों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य शहर के महत्वपूर्ण मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सके। पुलिस विभाग का मानना है कि नई PRV बाइक के शामिल होने से पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय सुधार होगा और जनता को सुरक्षा का बेहतर एहसास मिलेगा।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, नए वाहनों को तीनों जोन में व्यवस्थित रूप से आवंटित किया गया है। इनमें नोएडा जोन को 10 PRV, सेंट्रल नोएडा जोन को 10 PRV तथा ग्रेटर नोएडा जोन को 05 अतिरिक्त PRV प्रदान की गई हैं। इन वाहनों को पहले से संचालित डायल-112 बेड़े में शामिल करते हुए रणनीतिक रूप से विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार आधुनिक संसाधनों, नई तकनीक और उन्नत सुविधाओं से स्वयं को लैस कर रही है, ताकि जनता को प्रभावी, तेज और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ने से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं डायल-112 अभय कुमार मिश्र तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल शकील अहमद सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
