बुधवार, 27 मई 2026

गौतमबुद्धनगर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: आइसक्रीम फैक्ट्रियों और स्टोरों पर छापेमारी, जांच के लिए लिए गए नमूने!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: आइसक्रीम फैक्ट्रियों और स्टोरों पर छापेमारी, जांच के लिए लिए गए नमूने!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्रीष्म ऋतु में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्ती, हलाल प्रमाणन वाले उत्पादों की बिक्री को लेकर भी चला विशेष चेकिंग अभियान

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 27 मई 2026:
गर्मी के मौसम में आम लोगों को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद भर में आइसक्रीम, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा और नोएडा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने ग्रेटर नोएडा स्थित डेरी फन ब्रांड की निर्माण इकाई से फ्रोजन डेजर्ट का एक नमूना लिया। वहीं सेक्टर-104 हाजीपुर स्थित बीएसआर फूड एंड बेवरेज से ज्ञानी ब्रांड आइसक्रीम का एक नमूना संग्रहित किया गया।

विभाग द्वारा लिए गए दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा हाल के दिनों में हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न स्टोरों और दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं पाई गई।

सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जनपदवासियों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग आगे भी लगातार जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र करेगा ताकि लोगों को मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने खाद्य कारोबारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर मिलावटी या मानक विहीन खाद्य पदार्थ पाए गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।।