गौतमबुद्धनगर: नोएडा मीडिया क्लब की अहम बैठक में उठे पत्रकार हितों के मुद्दे, शोकसभा में दिवंगत सदस्यों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। शनिवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की, जिसमें क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन से संबंधित समस्याओं, पत्रकारों की कार्य स्थितियों, सुविधाओं तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
बैठक में वक्ताओं ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, आपसी समन्वय को मजबूत करने और संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि मीडिया क्लब को पत्रकारों के अधिकारों एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
बैठक के उपरांत मीडिया क्लब परिसर में एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भावुक कर दिया। क्लब के महासचिव जयप्रकाश सिंह की बड़ी बहन विधा देवी के असमय निधन तथा मीडिया क्लब के सक्रिय सदस्य पंकज करन के बीमारी के चलते हुए निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगतों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर क्लब के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन की एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचय दिया।।
