गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-39 थाना पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी की बाइक व अवैध चाकू बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अपराध नियंत्रण के अभियान के अंतर्गत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-39 की टीम ने रामलीला मैदान के पास घेराबंदी कर अभियुक्त प्रवीण पुत्र पुत्तूलाल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL5SBA2495) बरामद हुई, जो दिल्ली के थाना जीटीबी एन्क्लेव/ई-पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 6990/2026 से संबंधित पाई गई। इसके अलावा अभियुक्त के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रवीण (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर का निवासी है और वर्तमान में हाजीपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध दिल्ली में चोरी से संबंधित धारा 305(B) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है, वहीं नोएडा में भी धारा 317(2) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अभियुक्त किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।।
