रविवार, 3 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जनसमस्याओं के समाधान में तेजी: तीनों तहसीलों में लगा ‘संपूर्ण समाधान दिवस’, 200 में से 9 शिकायतों का मौके पर निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनसमस्याओं के समाधान में तेजी: तीनों तहसीलों में लगा ‘संपूर्ण समाधान दिवस’, 200 में से 9 शिकायतों का मौके पर निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 02 मई 2026।
दो टूक//जनपद गौतम बुद्ध नगर में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तीनों तहसीलों—जेवर, दादरी एवं सदर—में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलेभर में कुल 200 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने तहसील जेवर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तहसील जेवर में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को शासन की मंशा से अवगत कराते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर जांच करने और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश एवं तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 104 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया गया।

प्रशासन का कहना है कि संपूर्ण समाधान दिवस जैसी पहलें जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं, जिससे समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ ही शासन की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित हो रहा है।।