भव्य रोड शो, संगोष्ठी और स्वागत समारोह से गूंजा गौतमबुद्धनगर — अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का ऐतिहासिक आयोजन, समाज एकता का दिया संदेश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 2 मई 2026।
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, सिद्ध बाबा की 50वीं स्थापना दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा बरसात स्टेडियम में एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन समाज के वरिष्ठ नेता निरंजन प्रधान के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें सामाजिक उत्थान, एकता और जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विशाल रोड शो, संगोष्ठी एवं भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कासना, घंगोला, सलेमपुर, बागपुर, दाउदपुर सहित आसपास के अनेक गांवों से सैकड़ों वाहनों का काफिला डीजे, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक उत्साह के साथ शोभायात्रा के रूप में बरसात स्टेडियम पहुंचा। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।
बरसात स्टेडियम पहुंचने पर अतिथियों एवं पदाधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत पगड़ी, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं ने सिद्ध बाबा धाम पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
संगोष्ठी की अध्यक्षता धर्मपाल हवलदार ने की, जबकि संचालन जितेंद्र नागर ने कुशलता के साथ किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, केपी सिंह कसाना, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, सुनील भाटी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
इस अवसर पर लोक कलाकार चरण सिंह महाशय जी एवं ज्ञानेंद्र सरधना ने देशभक्ति और गुर्जर इतिहास पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में जोश और गौरव का संचार किया। महासभा द्वारा स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।
अशोक भाटी की प्रभावी भूमिका और सामाजिक संदेश
गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कार्यक्रम में अपनी सक्रिय और प्रभावशाली भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि अपने संबोधन में समाज के भीतर व्याप्त कुरीतियों पर भी बेबाकी से बात रखी। उन्होंने विशेष रूप से शादियों में हर्ष फायरिंग, दहेज प्रथा और फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक बुराइयों का विरोध करते हुए समाज को सादगी और जागरूकता की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।
उनकी नेतृत्व क्षमता, संगठन के प्रति समर्पण और समाजहित में स्पष्ट सोच ने युवाओं को खासा प्रभावित किया। अशोक भाटी लगातार सामाजिक एकता, शिक्षा और अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिससे संगठन को नई दिशा और मजबूती मिल रही है।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में दादरी स्थित मिहिर भोज कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने युवाओं को शिक्षा और रोजगार के प्रति सजग रहने का आह्वान किया, वहीं सविंदर भाटी ने समाज को एकजुट कर अपने गौरवशाली इतिहास को हर घर तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम में सुखबीर महाराज, मनवीर नागर, रामकेश चपराना, अजीत मुखिया, झलकेश बाबूजी, सिंहराज गुर्जर, शशांक भाटी, नरेंद्र मैनेजर, विकास प्रधान, विजेंदर चेयरमैन, प्रवीण भारतीय, गजेंद्र रेक्सवाल, रवि अवाना, अरुण भाटी, जयपाल बाबा, रामपाल नागर, जयवीर नागर, धर्मवीर शर्मा, योगेश भाटी, दीपक नागर, लखपत नागर सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
यह आयोजन न केवल एक धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव रहा, बल्कि समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का सशक्त संदेश भी देकर गया।।
