भीषण गर्मी का अलर्ट: गौतमबुद्धनगर येलो जोन में, प्रशासन ने जारी की हीट वेव से बचाव की एडवाइजरी!!
दोपहर 12 से 3 बजे तक घरों में रहने की अपील, लापरवाही पड़ सकती है भारी — जरूरत पड़ने पर 1077 पर करें संपर्क
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 मई 2026।
जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग द्वारा हीट वेव/उष्ण लहर की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार गौतमबुद्धनगर को येलो जोन में रखा गया है, जिसके चलते आमजन को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाओं और अत्यधिक तापमान की संभावना को देखते हुए नागरिकों को हीट वेव से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करना चाहिए। प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, खेतों में काम करने वाले किसानों और बाहर कार्य करने वाले श्रमिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में लोगों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। बाहर निकलने की स्थिति में सिर को टोपी, गमछे, छाते या दुपट्टे से ढकने तथा हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे ओआरएस, शिकंजी, आम पना आदि का सेवन करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तली-भुनी और भारी भोजन से बचते हुए हल्का एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे दोपहर के समय खेतों में कार्य करने से बचें तथा सुबह या शाम के समय ही कृषि कार्य करें। यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक पसीना, सिरदर्द, कमजोरी, चक्कर या उल्टी जैसी समस्या महसूस हो तो तत्काल छायादार स्थान पर जाकर चिकित्सकीय सहायता लें।
हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए नगर निकायों द्वारा जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शेल्टर होम स्थापित किए गए हैं, जहां पंखा, कूलर, बैठने और पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जरूरतमंद नागरिक इन शेल्टर होम्स का उपयोग कर सकते हैं।
इसके अलावा पशुओं और पक्षियों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि जानवरों को छायादार स्थान पर रखें तथा छतों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें।
किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा संचालित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।।
