गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सनसनीखेज वारदात: वैदपुरा गांव में युवक की गोलियों से भूनकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 20 मई 2026। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित वैदपुरा गांव बुधवार देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बाइक सवार तीन बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक को 5 से 6 गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान दीपक नागर पुत्र अशोक नागर निवासी ग्राम वैदपुरा के रूप में हुई है। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल दीपक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, “दिनांक 20.05.2026 को थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम वैदपुरा में एक युवक दीपक नागर पुत्र अशोक नागर निवासी वैदपुरा की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस अधिकारी एवं फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। मृतक के परिजनों से वार्ता करते हुए सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से खुलेआम बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है, उससे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
