गुरुवार, 21 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: वैदपुरा हत्याकांड से उबाल पर ग्रेटर नोएडा: दीपक नागर की हत्या के विरोध में सैनी गोलचक्कर पर चक्का जाम, 4 आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: वैदपुरा हत्याकांड से उबाल पर ग्रेटर नोएडा: दीपक नागर की हत्या के विरोध में सैनी गोलचक्कर पर चक्का जाम, 4 आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा गांव में युवक दीपक नागर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। हत्या से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आज सुबह न्याय की मांग को लेकर मृतक का शव सड़क पर रखकर सैनी गोलचक्कर पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय दीपक नागर पर बुधवार देर शाम वैदपुरा गांव के पास बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की खबर फैलते ही गांव में मातम और गुस्से का माहौल बन गया।

घटना के विरोध में बृहस्पतिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सैनी गोलचक्कर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस एनकाउंटर की मांग की। चक्का जाम के चलते आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दिनदहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है।

फिलहाल थाना ईकोटेक-3 पुलिस मौके पर तैनात है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन लगातार परिजनों और ग्रामीणों को समझाने में जुटा हुआ है। वहीं वैदपुरा हत्याकांड के बाद ग्रेटर नोएडा में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।।