गुरुवार, 21 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में बुधवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। यह शव सेक्टर-57 रेड लाइट के पास सर्विस रोड किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक शराब पीने का आदी था और अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि युवक की गतिविधियों और मौत की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल अज्ञात शव मिलने की घटना से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।।