गुरुवार, 21 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दीपक नागर हत्याकांड पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ADCP के आश्वासन के बाद खुला सैनी गोलचक्कर जाम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दीपक नागर हत्याकांड पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ADCP के आश्वासन के बाद खुला सैनी गोलचक्कर जाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा गांव में युवक दीपक नागर की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर सैनी गोलचक्कर पर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। कई घंटों तक चले हंगामे के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

बताया जा रहा है कि दीपक नागर ड्यूटी पर जा रहा था, तभी वैदपुरा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सैनी गोलचक्कर पर चल रहे भारी बवाल के बीच एडिशनल डीसीपी (ADCP) स्वतंत्र सिंह खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने मोर्चा संभाला। ADCP ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत करते हुए साफ शब्दों में आश्वासन दिया कि अगले दो घंटे के भीतर फरार आरोपियों के खिलाफ ऐसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी। पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए इस ठोस और लिखित आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम खोल दिया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

पुलिस ने इस हत्याकांड में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ गैंगस्टर सहित सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। दीपक नागर हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में अभी भी लोगों में आक्रोश बना हुआ है और ग्रामीण लगातार आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।।