गुरुवार, 21 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दीपक नागर हत्याकांड: पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, अब तक 6 गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में दीपक नागर हत्याकांड: पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, अब तक 6 गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट के वैदपुरा गांव में हुए चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के दौरान हत्या के दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 20 मई 2026 की रात थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम वैदपुरा के बाहर एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वहां गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान वैदपुरा निवासी दीपक नागर के रूप में हुई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने हत्या और साजिश में शामिल चार आरोपियों नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को गिरफ्तार कर लिया था।

इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी डी पार्क सर्विस रोड के पास छिपे हुए हैं और किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान हर्ष उर्फ राधे पुत्र कल्लू निवासी वैदपुरा और जगत सिंह पुत्र छिद्दा निवासी वैदपुरा के रूप में हुई है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि दीपक नागर हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद वैदपुरा गांव और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।।