गुरुवार, 21 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: हिंडन डूब क्षेत्र में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हिंडन डूब क्षेत्र में कबाड़ गोदाम में भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक बड़ी और डराने वाली घटना सामने आई, जहां हिंडन डूब क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

बताया जा रहा है कि कबाड़ के गोदाम में अचानक आग भड़कने के बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसके चलते आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घंटों की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू और कूलिंग ऑपरेशन चलाकर आग को आसपास के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम में रखा भारी मात्रा में कबाड़ और अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फायर विभाग और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और ज्वलनशील कबाड़ सामग्री के कारण आग तेजी से फैली होगी।

गौरतलब है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही नोएडा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खासकर कबाड़ गोदाम, फैक्ट्रियों और प्लास्टिक सामग्री रखने वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बड़े हादसों की वजह बन रही है। ऐसे में प्रशासन और फायर विभाग के सामने सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।।