मंगलवार, 5 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की सख्ती: बरसात से पहले नालों की सफाई, हर दिन सड़कों पर झाड़ू और कचरा हटाने के कड़े निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण की सख्ती: बरसात से पहले नालों की सफाई, हर दिन सड़कों पर झाड़ू और कचरा हटाने के कड़े निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 05 मई 2026।
दो टूक//नोएडा, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने अब सख्त रुख अपना लिया है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने मंगलवार को जनस्वास्थ्य संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए संविदाकारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह, प्रवीण सलोनिया, राजकमल सिंह और अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और संविदाकारों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए एसीईओ ने कहा कि नोएडा के सभी सेक्टरों और गांवों में टीम बनाकर नालों और नालियों की सफाई का विशेष अभियान तत्काल शुरू किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अक्सर नालियों के किनारे उगने वाली घास और झाड़ियों को हटाने में लापरवाही बरती जाती है, जिससे सफाई अधूरी रह जाती है और पानी जमा होने की समस्या बढ़ जाती है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई के दौरान इन झाड़ियों और घास को पूरी तरह हटाना अनिवार्य किया जाए।

इसके साथ ही शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि रोजाना समय से झाड़ू लगाना सुनिश्चित किया जाए और फुटपाथों व सड़कों के किनारे जमा कचरा, मलबा आदि तुरंत हटाया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित संविदाकारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी संविदाकार अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वयं निरीक्षण करें, ताकि सफाई कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनना अनिवार्य किया गया है, जिससे कार्य में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

नोएडा प्राधिकरण के इस सख्त रुख से साफ है कि आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर और अधिक सक्रियता देखने को मिलेगी, खासकर बरसात से पहले जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।।