शुक्रवार, 22 मई 2026

दिल्ली: समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. महिपाल सिंह सम्मानित, ‘भारत चिकित्सा रत्न’ अवार्ड से नवाजे गए!!

शेयर करें:

दिल्ली: समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. महिपाल सिंह सम्मानित, ‘भारत चिकित्सा रत्न’ अवार्ड से नवाजे गए!!

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित 10th ऑल मीडिया काउंसिल अवार्ड्स 2026 समारोह में समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले फिजियोथेरेपिस्ट एवं फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह को प्रतिष्ठित ‘भारत चिकित्सा रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें दिव्यांगजनों, जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्गों के लिए किए जा रहे निरंतर सेवाभावी कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

भव्य समारोह में देशभर से शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, मीडिया और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. महिपाल सिंह एवं फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी को फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित इन-हाउस मैगज़ीन ‘Horizon’ तथा बच्चों द्वारा तैयार किया गया इन-हाउस समाचार पत्र ‘Winsome Times’ भेंट किया। यह पल फाउंडेशन के सभी सदस्यों और बच्चों के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बन गया।

समारोह के दौरान आयोजकों ने डॉ. महिपाल सिंह के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्था विशेष रूप से दिव्यांगजनों के पुनर्वास, बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास और जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

आयोजकों ने कहा कि डॉ. महिपाल सिंह का कार्य केवल चिकित्सा सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज के उन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें अक्सर सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। उनके नेतृत्व में फाउंडेशन शिक्षा, पुनर्वास, जागरूकता और सामाजिक सहयोग के माध्यम से लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा रहा है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरी टीम, फाउंडेशन से जुड़े बच्चों, अभिभावकों और समाजसेवियों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन की पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार की संस्थाओं और सेवाभावी प्रयासों की आज बेहद आवश्यकता है।।