गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-10 में गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा, 22 मई 2026। थाना फेस-1 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में गांजा सप्लाई करने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने समय रहते दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना फेस-1 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति सेक्टर-10 क्षेत्र में गांजा की तस्करी करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्रम कुमार उर्फ चड्डी पुत्र राजेन्द्र शाह निवासी ग्राम एवं थाना इशीपुर, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वर्तमान में आरोपी जे.जे. कॉलोनी, थाना फेस-1 क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 32 वर्ष है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना फेस-1 पर मु0अ0सं0 229/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।।
