शुक्रवार, 22 मई 2026

गौतमबुद्धनगर:“समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत की तैयारियां तेज, अधिकाधिक नोटिस तामीला और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:“समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत की तैयारियां तेज, अधिकाधिक नोटिस तामीला और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 21 मई 2026।
माननीय उच्चतम न्यायालय में आगामी 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर गौतमबुद्धनगर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) गौतमबुद्धनगर द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर की सचिव शिवानी रावत ने की। इस दौरान उन्होंने सम्मन सेल प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विशेष लोक अदालत की व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से उन वादों पर चर्चा की गई जिन्हें “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत के लिए चिन्हित किया गया है।

सचिव शिवानी रावत ने निर्देश दिए कि चिन्हित मामलों में पक्षकारों को समय से नोटिस तामील कराना प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्याय व्यवस्था का एक प्रभावी और सरल माध्यम है, जहां लंबित मामलों का शीघ्र, सुलभ और कम खर्च में समाधान संभव होता है।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि आमजन को “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके तहत विभिन्न माध्यमों से लोगों तक जानकारी पहुंचाने और अधिकाधिक पक्षकारों को लोक अदालत से जोड़ने पर बल दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मानना है कि इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निस्तारण होगा, जिससे न्यायालयों पर भार कम होने के साथ-साथ लोगों को त्वरित न्याय भी प्राप्त होगा।

बैठक में सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर शिवानी रावत के साथ प्रभारी सम्मन सेल रोहताश सिंह भी उपस्थित रहे।।