गौतमबुद्धनगर : नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त: एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने सेक्टर-20 क्षेत्र में किया पैदल गश्त, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग तेज!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी/एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 प्रवीण कुमार द्वारा थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी-1 ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील इलाकों और व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने राहगीरों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।
इसके अलावा एसीपी-1 द्वारा सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने और हर स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की इस सक्रिय कार्यवाही से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है तथा आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
