गौतमबुद्धनगर: भविष्य की शिक्षा को नई दिशा देने जुटे कॉर्पोरेट और सरकार, नोएडा में हुआ यूपी CSR राउंड टेबल 2026 का भव्य आयोजन!!
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को तकनीक-सक्षम, आधुनिक और भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में गुरुवार को नोएडा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा Invest UP और CSRBOX के सहयोग से “उत्तर प्रदेश CSR राउंड टेबल 2026 ऑन फ्यूचर रेडी एजुकेशन” का आयोजन किया गया। इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में देशभर के कॉर्पोरेट संस्थानों, CSR फाउंडेशनों और विकास क्षेत्र से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और नवाचार पर व्यापक मंथन किया।
कार्यक्रम का आयोजन नोएडा स्थित रेडिसन ब्लू होटल में किया गया, जहां शिक्षा के भविष्य को लेकर सरकार और निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा और महानिदेशक बेसिक शिक्षा विभाग मोनिका रानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राउंड टेबल के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, निपुण भारत मिशन, पीएम श्री योजना और उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा संबंधी प्राथमिकताओं को केंद्र में रखकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने, डिजिटल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यालयी अवसंरचना के विकास, शिक्षक क्षमता निर्माण, बालिका शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास जैसे मुद्दों पर अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने डिजिटल शिक्षा, STEM शिक्षा, एआई आधारित लर्निंग, शिक्षक प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति योजनाओं और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग देने के लिए आशय पत्र (Letter of Intent) भी प्रस्तुत किए। इससे आने वाले समय में सरकारी विद्यालयों में आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी प्रदेश बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे तक स्मार्ट क्लासरूम और तकनीक आधारित शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समान विचारधारा वाले साझेदारों के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान Invest UP द्वारा संचालित CSR फसिलिटेशन मॉडल की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में ऐसे समर्पित CSR फसिलिटेशन सेल को और मजबूत करने की आवश्यकता है, जो सरकार और CSR संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान कर सकें।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस अवसर पर गुणवत्तापरक, समावेशी और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कॉर्पोरेट एवं विकास साझेदार संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के मंच प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को नई गति देंगे।।
