गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर गौतमबुद्धनगर में चला महाअभियान, घर-घर पहुंची स्वास्थ्य टीम!!
“चेक करें, सफाई रखें और पानी ढकें” के संदेश के साथ लोगों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 मई 2026।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को गौतमबुद्धनगर जनपद में बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों, आशा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थानों के संयुक्त प्रयास से लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। अभियान के दौरान गांवों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, औद्योगिक इकाइयों और शहरी क्षेत्रों में रैलियां, गोष्ठियां और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “Community Participation Dengue Control: Check, Clean and Cover” रखी गई है। उन्होंने कहा कि डेंगू एडीज मच्छर के कारण फैलने वाली गंभीर बीमारी है और यह मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए जनभागीदारी और स्वच्छता ही डेंगू पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय है।
बरौला में चला विशेष अभियान, 41 घरों का निरीक्षण
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी टीम, पाथ रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. अफिरा मंजूर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में स्वास्थ्य केंद्र पर आशा कार्यकर्ताओं के साथ विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान सभी को साफ-सफाई बनाए रखने और डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
इसके बाद ग्राम बरौला की गली संख्या-02 में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें 41 घरों का सर्वे किया गया। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर, फ्रिज ट्रे, ड्रम और अन्य पानी भरे बर्तनों को सप्ताह में एक बार खाली करने की सलाह दी। जहां जलभराव मिला वहां मोबिल ऑयल डालने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों और फैक्ट्रियों में भी जागरूकता कार्यक्रम
ग्रीन फील्ड मॉर्डन पब्लिक स्कूल, बरौला में विद्यार्थियों को पोस्टर और हैंडबिल के माध्यम से डेंगू के लक्षण, बचाव और सावधानियों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बीमारी को बढ़ावा दे सकती है।
वहीं सेक्टर-65 स्थित साहू इंटरनेशनल अटायर प्राइवेट लिमिटेड में मलेरिया विभाग की टीम ने लगभग 350 श्रमिकों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा, डॉ. अफिरा मंजूर, डॉ. संजीव कुमार, चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार तथा मलेरिया निरीक्षकों ने श्रमिकों को जागरूक किया।
दादरी, जेवर, बिसरख और डाढा में भी चला अभियान
नगर पालिका एवं नगर पंचायत दादरी में कर्मचारियों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए। आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानीगढ़ी, जेवर और ग्राम कानीगढ़ी में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने व्यापक प्रचार-प्रसार किया। वहीं बिसरख क्षेत्र में आशाओं द्वारा लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया गया।
डाढा क्षेत्र में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों और चिकित्सा अधीक्षक ने ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए और हैंडबिल वितरित किए।
जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वीसाइड का छिड़काव
नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वीसाइड का छिड़काव कराया गया, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके और डेंगू के खतरे को कम किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी जमा न होने दें तथा डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
