शनिवार, 16 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का शातिर बदमाश गिरफ्तार, 18 चोरी के मोबाइल और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का शातिर बदमाश गिरफ्तार, 18 चोरी के मोबाइल और अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 18 स्नैच किए गए मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान आरटीओ ऑफिस के पास से मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेन्द्र उर्फ लक्की पुत्र आकाश निवासी ग्राम ललपुरा, थाना ललपुरा, जिला हमीरपुर तथा वर्तमान निवासी ग्राम सर्फाबाद, थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी तेजी से बाइक पर सवार होकर सुनसान या व्यस्त इलाकों में लोगों के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर RJ05NS2439 भी बरामद की है।

थाना सेक्टर-24 पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार रखने, आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में थाना सेक्टर-24, सेक्टर-20, सेक्टर-49, बिसरख और सेक्टर-113 समेत विभिन्न थानों में दर्ज कुल 13 मुकदमे शामिल हैं। इससे साफ है कि आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था।

बरामद किए गए मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और स्नैचिंग नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।।