गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनी: सुनसान रास्तों पर महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला साइको अटैकर गिरफ्तार!!
सेक्टर-58 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और कैंची बरामद
दो टूक//नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने महिलाओं पर पीछे से धारदार वस्तु से हमला करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं और लड़कियों को सुनसान रास्तों पर निशाना बनाकर कैंची से हमला करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और कैंची भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को दो महिलाएं थाना सेक्टर-58 पहुंचीं और शिकायत दी कि सेक्टर-55 रोड पर घर लौटते समय एक स्कूटी सवार युवक ने पीछे से आकर उनकी कमर के नीचे किसी नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से दोनों महिलाएं घायल हो गईं और इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही अज्ञात स्कूटी सवार की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान शुरू की।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 मई 2026 को सेक्टर-55/56 रोड के बीच से आरोपी अंकित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने महिलाओं पर हमला करने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंकित वर्मा, गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी स्थित प्रगति विहार का रहने वाला है और वर्ष 2020 से सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी स्कूटी पर सुनसान रास्तों पर घूमता था और अकेले आने-जाने वाली महिलाओं व लड़कियों को निशाना बनाकर पीछे से कैंची से हमला करता था। आरोपी की इस हरकत से इलाके में भय का माहौल बना हुआ था।
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और एक कैंची बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में धारा 118 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इससे पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। वहीं, पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि सुनसान रास्तों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।।
