गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 नोएडा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अनस और अमन को सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनस पुत्र अयाज निवासी अररिया, बिहार (वर्तमान पता न्यू अशोक नगर, दिल्ली) तथा अमन पुत्र अजय कुमार निवासी सदरपुर कॉलोनी, सेक्टर-45 नोएडा के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी थाना फेस-1 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 102/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर अधिनियम में वांछित थे। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
चोरी, लूट और जानलेवा हमलों को देते थे अंजाम
जांच में सामने आया है कि गैंग लीडर अनस अपने साथी अमन के साथ मिलकर वाहन चोरी, लूटपाट और जानलेवा हमला जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शातिर प्रवृत्ति के अपराधी हैं और नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अनस के खिलाफ फेस-1 और सेक्टर-20 थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन के खिलाफ भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
नोएडा पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।।
