शनिवार, 23 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में बड़ा हादसा: AC ब्लास्ट के बाद फ्लैट में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में बड़ा हादसा: AC ब्लास्ट के बाद फ्लैट में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-100 स्थित Lotus Boulevard सोसाइटी में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती आशंका एसी (AC) का कंप्रेसर फटने की जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।

घटना थाना सेक्टर-39 क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फ्लैट से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। ऊंची इमारत में आग लगने से सोसाइटी के लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार एहतियातन अपने फ्लैट छोड़कर नीचे आ गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते फ्लैट में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते एसी पर अधिक दबाव पड़ने से कंप्रेसर में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि फ्लैट का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के दौरान आसपास के इलाकों में धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।

सोसाइटी में लगा फायर फाइटिंग सिस्टम भी सक्रिय हो गया, जिसने आग को दूसरे फ्लैटों तक फैलने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और बिजली उपकरणों के रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।।