शनिवार, 23 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में जल्द बनेगा 100 बेड का आधुनिक अस्पताल, विधायक तेजपाल नागर और डीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में जल्द बनेगा 100 बेड का आधुनिक अस्पताल, विधायक तेजपाल नागर और डीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 मई 2026।
दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ग्राम बिसाहड़ा में प्रस्तावित 100 शैय्यायुक्त चिकित्सालय के निर्माण को लेकर शुक्रवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दादरी विधायक तेजपाल नागर की उपस्थिति में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान अस्पताल निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि के चिन्हांकन, राजस्व अभिलेखों की स्थिति, भूमि उपलब्धता, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा शासन स्तर पर भेजी जाने वाली औपचारिक आख्या सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनहित से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

समीक्षा बैठक में विधायक तेजपाल नागर ने दादरी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित अन्य विकास कार्यों और स्थानीय जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में चल रही योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से चिकित्सालय निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता और उससे संबंधित प्रशासनिक औपचारिकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि चिन्हांकन सहित सभी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी कर शासन को नियमानुसार रिपोर्ट भेजी जाए, जिससे अस्पताल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।

बैठक के दौरान कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

प्रस्तावित 100 बेड के अस्पताल के निर्माण से दादरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा अथवा दिल्ली की ओर जाना पड़ता है, ऐसे में यह परियोजना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद शालिनी गुप्ता, तहसीलदार दादरी प्रतीक चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंदन सोनी तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।