मंगलवार, 12 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: पार्किंग विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, ग्रेटर नोएडा की कॉलोनी रणक्षेत्र में तब्दील!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पार्किंग विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, ग्रेटर नोएडा की कॉलोनी रणक्षेत्र में तब्दील!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

बिसरख थाना क्षेत्र की राम श्याम कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। स्कूटी पार्किंग और टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों की मारपीट में बदल गया। पूरी घटना सीसीटीवी और मोबाइल कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रेटर नोएडा: शहर की रिहायशी कॉलोनियों में पार्किंग को लेकर बढ़ते विवाद अब हिंसक घटनाओं का रूप लेने लगे हैं। ताजा मामला बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी से सामने आया है, जहां दो पड़ोसी पक्षों के बीच पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बेकाबू हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे तक चल गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी निवासी अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा के घर आमने-सामने स्थित हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से वाहन पार्किंग को लेकर विवाद चलता आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार दोनों पक्षों में कहासुनी हो चुकी थी, लेकिन इस बार मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि बीते दिन स्कूटी खड़ी करने और हल्की टक्कर को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में विवाद केवल बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में गुस्सा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग मौके पर जुट गए और मारपीट शुरू हो गई।

घटना के दौरान कॉलोनी में चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहे। वायरल वीडियो में कई लोग लाठी-डंडों से हमला करते और एक-दूसरे को धक्का देते दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10 मई 2026 को स्कूटी से टक्कर लगने के विवाद के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोबारा विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना हुई।

पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पार्किंग को लेकर आए दिन विवाद होते रहते हैं, लेकिन समय रहते समाधान न होने के कारण ऐसे झगड़े अब हिंसक रूप लेने लगे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जता रहे हैं।।