गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-58 में गांजा तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ किलो के करीब गांजा बरामद!!
दो टूक//नोएडा पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना सेक्टर-58 पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 215 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 16 मई 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सर्विस रोड सेक्टर-55 नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी दियूरिया थाना सदर जनपद शाहजहाँपुर तथा वर्तमान निवासी वाजिदपुर थाना सेक्टर-63 गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 215 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 नोएडा पर मु0अ0सं0 149/2026 पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोएडा में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती की जा रही है और किसी भी कीमत पर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
गौरतलब है कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आए दिन बड़ी कार्रवाई देखने को मिल रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।।
