गौतमबुद्धनगर: काम दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 नोएडा पुलिस ने काम दिलाने के नाम पर महिलाओं के साथ ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 02 अभियुक्तों और 02 अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की चैन, टॉप्स, एक मोबाइल फोन तथा नकद रुपये बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को महिलाओं के साथ हो रही ठगी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 17 मई 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एनएसईजेड पुस्ता रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम कुमार पुत्र संजय कुमार ठाकुर, विशाल पुत्र दिलीप कुमार मिश्रा, रानी मिश्रा पत्नी ललन पंडित तथा राखी पत्नी पंकज के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनसे पैसे और कीमती सामान लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से इस प्रकार की धोखाधड़ी में सक्रिय था और आर्थिक लाभ कमाने के लिए भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था।
गिरफ्तार अभियुक्त शिवम कुमार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में नोएडा के भंगेल क्षेत्र में रह रहा था। वहीं विशाल बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है और सलारपुर में निवास कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्ताओं में रानी मिश्रा मूल रूप से छपरा बिहार की निवासी है, जबकि राखी सहारनपुर की रहने वाली बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चैन मय पेंडेंट, एक जोड़ी टॉप्स, एक मोबाइल फोन और 650 रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना फेस-2 में आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 0196/2026 के तहत धारा 318(2) एवं 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। साथ ही इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
नोएडा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।।
