सोमवार, 18 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 108 टैट्रा पैक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 108 टैट्रा पैक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है। इसी क्रम में थाना फेस-1 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-4 क्षेत्र में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मो0 नासिक पुत्र समीर आलम को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 108 टैट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से ग्राम मुरलीगंज, थाना मुरलीगंज, जिला सहरसा, बिहार का निवासी बताया जा रहा है, जबकि वर्तमान में वह जे0जे0 कॉलोनी सेक्टर-8 नोएडा में रह रहा था। अभियुक्त की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना फेस-1 में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर अवैध शराब तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह लंबे समय से अवैध कारोबार में सक्रिय था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी थाना फेस-1 पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब का कारोबार युवाओं और समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है, ऐसे में पुलिस की सख्ती बेहद जरूरी है।।