सोमवार, 18 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिहार के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिहार के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से 1 किलो 72 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 17 मई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं सक्रिय पुलिसिंग के आधार पर रेलवे गुर्जरपुर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजेश उर्फ ब्रिजेश पुत्र अनिरुद्ध यादव निवासी बनदेहरा थाना पसराहा जिला खगरिया बिहार तथा गुलशन पुत्र मोहन यादव निवासी उस्मानपुर थाना खरीकबाजार जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध गांजा तस्करी से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं और क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपियों से तस्करी के नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मु0अ0सं0 97/2026 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।।