बुधवार, 6 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: चिल्ला से महामाया फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रोड का काम तेज, 50% निर्माण पूरा—विधायक ने किया निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चिल्ला से महामाया फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रोड का काम तेज, 50% निर्माण पूरा—विधायक ने किया निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 06 मई 2026।
दो टूक//नोएडा क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन चिल्ला रेगुलेटर (दिल्ली) से महामाया फ्लाईओवर, एमपी-3 मार्ग तक बन रही एलिवेटेड रोड परियोजना का आज माननीय विधायक, नोएडा विधानसभा ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परियोजना की रफ्तार पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) श्री एस.पी. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक श्री कपिल सिंह सहित उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना करीब 5.57 किलोमीटर लंबी 6 लेन एलिवेटेड रोड के रूप में विकसित की जा रही है, जिस पर लगभग 892.75 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इसका मुख्य उद्देश्य नोएडा और दिल्ली के बीच जाम की समस्या को कम करना और यातायात को सुगम बनाना है।

परियोजना के तहत इस एलिवेटेड रोड को शाहदरा ड्रेन के समानांतर आगे बढ़ाते हुए कालिंदी कुंज रोड को पार कर सेक्टर-94 के पास पुस्ता मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए आईआईटी रुड़की द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग के तैयार होने के बाद दिल्ली के मयूर विहार से लेकर नोएडा के सेक्टर-150 तक का यातायात बिना रुकावट के संचालित हो सकेगा। साथ ही, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते ट्रैफिक का एक हिस्सा इस एलिवेटेड रोड पर डायवर्ट किया जा सकेगा, जिससे एक्सप्रेस-वे पर भी जाम की स्थिति में राहत मिलेगी।

फिलहाल पुस्ता मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए एमओयू की प्रक्रिया जारी है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह मार्ग नोएडा के ट्रैफिक सिस्टम में एक बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा।।