बुधवार, 6 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 की तैयारी तेज: 7 मई से शुरू होगी स्व-गणना, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 की तैयारी तेज: 7 मई से शुरू होगी स्व-गणना, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

 गौतमबुद्धनगर, 06 मई 2026

दो टूक//जनगणना-2027 को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर 7 मई से शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में जिलाधिकारी ने 7 मई से 21 मई तक चलने वाले स्व-गणना अभियान के कुशल संचालन और व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में कोई भी लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी गणमान्य व्यक्तियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्व-गणना कार्य में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर सहयोग करें। साथ ही अपने विभाग के कर्मचारियों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक करें। उन्होंने ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों के आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों से अपील की कि वे उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रगणक और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरी गंभीरता से कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशिक्षण में किसी भी अधिकारी की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। जानकारी दी गई कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’ (HLO) का संचालन प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पहले 7 मई से 21 मई तक आम नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी जा रही है।

यह पहल भारत की पहली डिजिटल जनगणना के रूप में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें नागरिक स्वयं पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना से डेटा संग्रहण में तेजी, अधिक सटीकता और त्रुटियों में कमी जैसे कई लाभ होंगे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।