गौतमबुद्धनगर: 3 करोड़ की फर्जी रजिस्ट्री ठगी का खुलासा: जारचा पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा, गिरोह का नेटवर्क उजागर!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 06 मई 2026।
दो टूक// ग्रेटर नोएडा,थाना जारचा पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के जरिए 3 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस अब तक इस गिरोह के कुल 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिससे मामले में अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, 06 मई 2026 को मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम चिपियाना के पास से अभियुक्त सौरभ पुत्र उमेश राठौर और विजय पुत्र किशनपाल सिंह को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्तियों की नकली रजिस्ट्री कराते थे और लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाते थे।
इससे पहले भी इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसे में लेकर फर्जी रजिस्ट्री के जरिए बड़ी ठगी को अंजाम देता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- सौरभ (28 वर्ष), निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, चिपियाना बुजुर्ग, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर
- विजय (25 वर्ष), निवासी बुद्ध विहार फेज-1, थाना विजय विहार, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली
आपराधिक इतिहास:
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जारचा में फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं। सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, पीड़ितों की पहचान कर उन्हें न्याय दिलाने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।।
