बुधवार, 6 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: याचिका समिति की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश: जनता की शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: याचिका समिति की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश: जनता की शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 06 मई 2026

दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनसामान्य से जुड़ी शिकायतों और याचिकाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। यह बैठक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस सभागार में माननीय सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभापति का पुष्पगुच्छ, शॉल, मोमेंटो एवं ओडीओपी उत्पाद भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात समिति के समक्ष प्रस्तुत 06 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। इन बिंदुओं में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित याचिकाएं शामिल रहीं।

माननीय सभापति अशोक अग्रवाल ने बैठक में स्पष्ट कहा कि आम जनता अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाती है, और इन समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी याचिका समिति की होती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक याचिका का निस्तारण पूर्ण गंभीरता, प्राथमिकता और तय समय सीमा में किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, उनकी सूचना तत्काल याचिका समिति को उपलब्ध कराई जाए, जिससे लंबित मामलों की सूची को समय पर अपडेट किया जा सके और पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

बैठक में याचिका समिति के सदस्य ऋषि पाल अरोड़ा एवं चंद शर्मा सहित जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, एडिशनल सीपी अजय कुमार, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य पंचायत अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी तथा खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।