गौतमबुद्धनगर: मुठभेड़ में घायल हुआ हत्या का आरोपी, सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर | 06 मई 2026
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, थाना सूरजपुर क्षेत्र में हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित अभियुक्त और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05/06 मई 2026 की रात ग्राम साकीपुर में घर के सामने नाली के कचरे को जलाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते अभियुक्त एवं उसके साथियों ने साजन (उम्र लगभग 25 वर्ष) की हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा थाना सूरजपुर में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया।
इसी क्रम में थाना सूरजपुर पुलिस एमटैक के सामने तिराहे पर तिलपता से गौर सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसकी पहचान वीर सिंह (उम्र करीब 38 वर्ष), निवासी ग्राम साकीपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पंजीकृत अभियोग:
मु0अ0सं0 243/2026, धारा 103(1)/115(2)/352/351(3)/3(5) बीएनएस, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर।।
