गौतमबुद्धनगर: श्रमिकों के उत्थान को लेकर जिलाधिकारी सख्त—स्वास्थ्य, शिक्षा व स्किल डेवलपमेंट पर एनजीओ और RWA के साथ बनी ठोस रणनीति!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 06 मई 2026:
जनपद में श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में एनजीओ और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ व्यापक मंथन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रभावी कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयासों को मजबूत करना रहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गौतमबुद्धनगर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है, जहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं और लाखों श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में श्रमिकों के आवास, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और उनके बच्चों की शिक्षा जैसे विषयों पर योजनाबद्ध और प्रभावी कार्य करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने एनजीओ और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक कल्याण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में एनजीओ की भूमिका अहम बताई गई।
जिलाधिकारी ने हाल ही में श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में सहयोग देने वाले निजी अस्पतालों और एनजीओ की सराहना की। उन्होंने अन्य संस्थाओं से भी अपील की कि वे आगे आकर स्वास्थ्य, शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रमिक परिवारों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिला सेवायोजन अधिकारी केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत सूची तैयार कर एनजीओ के साथ साझा करें। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचे और वे उनका लाभ उठा सकें।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम जनता के सामूहिक प्रयासों से ही श्रमिकों के जीवन में वास्तविक सुधार संभव है। उन्होंने सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताते हुए जनपद के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक श्रमायुक्त सुयश पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनजीओ एवं आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे।।
