गौतमबुद्धनगर: 09 मई राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज: अधिकतम वाद निस्तारण के लिए जनपद न्यायाधीश ने दिए सख्त निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 06 मई 2026
दो टूक//जनपद गौतम बुद्ध नगर में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अतिरिक्त न्यायालयों के पीठासीन न्यायिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष रूप से धारा 138 एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस मामलों) से संबंधित वादों के अधिकतम निस्तारण पर जोर दिया गया। जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत में निपटाया जाए, ताकि पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी संबंधित पक्षकारों को समय से पूर्व सूचना उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने मामलों का निस्तारण करा सकें। बैठक में लोक अदालत को प्रभावी एवं परिणामदायी बनाने के लिए रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर श्रीमती सोमप्रभा मिश्रा (अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत), श्रीमती शिवानी रावत (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), श्री सुरेश चन्द्र (विशेष न्यायालय, 138 एन.आई. एक्ट), श्रीमती मुनव्वर जहां (अतिरिक्त न्यायालय संख्या-1), श्री पवन प्रताप सिंह (अतिरिक्त न्यायालय संख्या-2) तथा श्रीमती इन्दिरा सिंह (अतिरिक्त न्यायालय संख्या-3) सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में यह पहल आम जनता के लिए राहत लेकर आने वाली है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्याय प्रणाली में विश्वास और मजबूत होगा।।
